बोलता गांव डेस्क।।
रूस-यूक्रेन जंग का आज 21वां दिन है। रूस लगातार यूक्रेनी शहरों में नागरिक इलाकों पर बमबारी कर रहा है। यूक्रेन के दूसरे बड़े शहर खार्किव में रूसी सेना की गोलाबारी में कम से कम 500 नागरिक मारे गए हैं। शहर की इमरजेंसी सर्विसेज एजेंसी ने आंकड़ा जारी करते हुए कहा कि मौत का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।
दूसरी तरफ रूसी हमले से निपटने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन यूक्रेन को करीब 6204 करोड़ रुपए (800 मिलियन डॉलर) की सैन्य मदद देने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की आज अमेरिकी कांग्रेस (संसद) को संबोधित करेंगे।
आज के अपडेट्स...
•यूरोपियन यूनियन रेगुलेटर्स ने कुछ बैंकों को यूरोपीय संघ के निवासियों सहित सभी रूसी और बेलारूसी ग्राहकों के लेनदेन की जांच करने को कहा है।
•यूक्रेन पर हमले को लेकर अमेरिकी सीनेट ने पुतिन के खिलाफ वॉर क्राइम की जांच की मांग वाले प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
•NATO सचिव-जनरल जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने कहा- हम चिंतित हैं कि मास्को यूक्रेन में संभवतः रासायनिक हथियारों सहित एक झूठा अभियान चला सकता है।
•कनाडा सरकार ने 15 और रूसी अधिकारियों पर गंभीर प्रतिबंध लगा दिए हैं। इसमें सरकार और सैन्य वर्ग के लोग शामिल हैं। अब तक 500 रूसी लोगों पर प्रतिबंध लग चुके हैं।
•ब्रिटेन 370 हाई प्रोफाइल रूसी लोगों पर प्रतिबंध लगा रहा है। इसमें रोमन अब्रामोविच भी शामिल हैं।
•यूक्रेन ने दावा किया है कि जंग में लगभग 13,500 रूसी सैनिक मारे गए हैं। कई मिलिट्री इक्विपमेंट्स को भी तबाह किया गया है।
ऑपरेशन गंगा का अपडेट
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि रूस के बेलगोरोड और कुर्स्क के रास्ते भी भारतीयों को वापस लाया जाएगा। यह कदम ऑपरेशन गंगा के तहत उठाया जाएगा। यूक्रेन में फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने के लिए भारत सरकार ने ऑपरेशन गंगा लॉन्च किया। इसके तहत लगभग 22,500 भारतीय नागरिक सुरक्षित भारत लौट पाए।
ऑपरेशन गंगा के तहत 90 उड़ानें संचालित की गई हैं, जिनमें से 76 नागरिक उड़ानें और 14 IAF उड़ानें थीं। निकासी उड़ानें रोमानिया, पोलैंड, हंगरी और स्लोवाकिया से भारत पहुंचीं। भारतीयों के साथ 18 अन्य देशों के अनेक नागरिकों को भी वहां से निकाला गया है, जिसमें बांग्लादेश, नेपाल, अमेरिका, फ्रांस, कनाडा और ब्रिटेन के भी नागरिक शामिल हैं।