बोलता गांव डेस्क।। कर्नाटक के शिवमोगा जिले में रविवार रात करीब 9 बजे बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की चाकू मारकर पर हत्या कर दी गई। मारे गए युवक की पहचान 26 साल के हर्ष के तौर पर हुई। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। राज्य के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने बताया है कि आरोपी स्थानीय ही हैं। हर्ष के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया था। वहीं जब परिजन और बजरंग दल के कार्यकर्ता शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे तो शव यात्रा में भी दंगा होने लगा। कुछ ही देर में हर्ष का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने बजरंग दल कार्यकर्ता हर्ष की मौत के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से जांच कराने की मांग की है।
इस घटना के बाद से इलाके में लोग प्रदर्शन कर रहे हैं, इसके चलते पुलिस को कई जगहों पर भीड़ को कंट्रोल करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। सुरक्षा के चलते शहर में धारा 144 लागू की गई है। बीजेपी नेता बी एल संतोष ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हर्ष की हत्या एंटी हिजाब प्रोटेस्ट की वजह से हुई है। कर्नाटक के पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि पिछले हफ्ते जब हिजाब विवाद शुरू हुआ था, तब मैंने पहले ही ऐसा कुछ होने का अंदेशा जताया था। अब एक लड़के की मौत हो गई है। कांग्रेस और बीजेपी अब खुश हो सकते हैं क्योंकि उन्होंने राज्य की शांति को भंग कर दिया है।
गृह मंत्री ने की शांति बनाए रखने की अपील
कर्नाटक के गृह मंत्री अर्गा ज्ञानेंद्र ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए, पुलिस को सबूत मिले हैं और घटना में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।फिलहाल मेरी लोगों से अपील है कि शांति बनाए रखें।
वारदात के बाद शिवमोगा में बढ़ा तनाव
वारदात के बाद के बाद शिवमोगा में तनाव बढ़ गया है। शहर के सीगेहट्टी इलाके में उपद्रवियों ने कई वाहनों में आग लगा दी। बढ़ते हंगामे के मद्देनजर शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। शिवमोगा में दो दिन के लिए स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि कल हर्ष की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कल रात से ही चल रही जांच में कुछ सबूत जुटाए गए हैं।
हत्या पर राजनीति शुरू
कर्नाटक के रूरल डेवलपमेंट और पंचायत राज मंत्री केएस ईश्वरप्पा ने हर्ष की हत्या के मामले में चौंकानेवाला बयान दिया है। उन्होंने कहा- 'मैं बजरंग दल कार्यकर्ता की मौत से बेहद दुखी हूं। हर्ष की हत्या मुस्लिम गुंडों ने की है। मैं अभी हालात का जायजा लेने के लिए शिवमांगा जा रहा हूं। हम गुंडागर्दी की इजाजत नहीं देंगे।' ईश्वरप्पा ने कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष शिवकुमार पर आरोप लगाया था कि उन्होंने मुस्लिम गुंड़ों को इस हत्या के लिए उकसाया था।
शिवकुमार ने कहा- ईश्वरप्पा के खिलाफ केस दर्ज हो
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने हर्ष की हत्या के मामले से अपना कोई कनेक्शन होने से इनकार कर दिया। उन्होंने कर्नाटक सरकार के मंत्री ईश्वरप्पा को पद से हटाए जाने की मांग की है। उन्होंने इस हत्या के हिजाब विवाद से जुड़े होने की किसी भी अटकल को भी खारिज कर दिया।
भाजपा नेता केएस ईश्वरप्पा के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा- मुझपर आरोप लगाया गया है मैंने बजरंग दल कार्यकर्ता की हत्या के लिए 'मुस्लिम गुुंडों' को उकसाया। ईश्वरप्पा के पास कॉमन सेंस नहीं है। उन्होंने पहले ही भारतीय झंडे का अपमान किया है। उनके खिलाफ केस दर्ज होना चाहिए और उन्हें पद से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने देश और तिरंगे का अपमान किया है।'
स्कूल-कॉलेज दो दिन के लिए बंद
इधर, राज्य के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र मारे गए बजरंग दल कार्यकर्ता के परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा, '4-5 युवकों के समूह ने एक 26 साल के युवक की हत्या कर दी। इस हत्या के पीछे किस संगठन का हाथ है, यह अभी नहीं कहा जा सकता। फिलहाल शिवमोगा में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए एहतियात के तौर पर स्कूल-कॉलेज दो दिन के लिए बंद किए जा रहे हैं।
मृतक ने फेसबुक पर हिजाब के खिलाफ पोस्ट की थी
शुरुआती जांच में पुलिस इसे हिजाब विवाद से जोड़कर देख रही है, क्योंकि हर्ष ने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर हिजाब के खिलाफ और भगवा शाल के समर्थन में पोस्ट लिखी थी। दरअसल, कर्नाटक के उडुपी में हिजाब विवाद सामने आने के बाद से ही बजरंग दल काफी सक्रिय है। इसीलिए हर्ष की हत्या में साजिश के एंगल का शक गहरा गया है। हालांकि, पुलिस इस पर कुछ भी बोलने से बच रही है।
तनाव के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी की गई
कर्नाटक में चल रहे हिजाब विवाद को लेकर माहौल पहले से तनावपूर्ण है। ऐसे में बजरंग दल की एक कार्यकर्ता की हत्या के बाद हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस अलर्ट है और पूरे राज्य सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है।