बोलता गांव डेस्क।। पंजाब में 117 विधानसभा सीटों पर पहले 3 घंटे में सुबह 11 बजे तक 17.77% मतदान हुआ है। राज्य के 7 जिलों में 20% से ज्यादा मतदान हुआ है। इनमें सबसे ज्यादा 23.34% मतदान मुक्तसर में हो चुका है, जबकि सबसे कम 12.44% मतदान पठानकोट में हुआ है। उधर, अकाली दल की शिकायत पर चुनाव आयोग ने बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद की कार को सीज कर दिया है। सोनू पर दूसरे बूथ में जाने का आरोप है।
बरनाला जिले की भदौड़ सीट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी (AAP) के कैंडिडेट लाभ सिंह उगोके की कार पर हमला कर दिया। कार ने गाड़ी भगा दी, जिससे कार के बोनट पर चढ़कर शीशा तोड़ने की कोशिश कर रहा विशाल नाम का कांग्रेसी वर्कर नीचे गिरकर गंभीर घायल हो गया है। यहां से मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
सुबह 11 बजे तक कहां कितना मतदान
राज्य में मतदान के लिहाज से पठानकोट सबसे पीछे है, जबकि अमृतसर, साहिबजादा अजीत सिंह नगर, साहिबाजादा भगत सिंह नगर, तरनतारन, मोगा, लुधियाना और जालंधर जिलों में भी पोलिंग की रफ्तार बेहद धीमी है।
सुबह 11 बजे तक चन्नी की दोनों सीटों भदौड़ (19.50%) व चमकौर साहिब (22%), भगवंत मान की धूरी सीट (18.50%), प्रकाश सिंह बादल की लंबी सीट (23.80%), सुखबीर बादल की जलालाबाद सीट (21.80%) और कैप्टन अमरिंदर सिंह की पटियाला अर्बन सीट (19%) पर बंपर वोटिंग जारी है। अब तक की वोटिंग में प्रकाश सिंह बादल की लंबी सीट के वोटर पोलिंग के लिहाज से राज्य में पहले स्थान पर चल रहे हैं।
नवजोत सिद्धू और बिक्रम सिंह मजीठिया की कड़ी फाइट वाली अमृतसर ईस्ट सीट पर मतदान ने थोड़ी रफ्तार पकड़ी है। जहां 9 बजे तक इस सीट पर महज 1.10% मतदान ही हुआ था, वहीं 11 बजे तक 7.10% मतदान हो गया है। हालांकि राज्य के अन्य जिलों के लिहाज से यहां मतदान की गति अभी भी धीमी ही है। इससे पहले सुबह 9 बजे तक पहले घंटे के दौरान राज्य में 4.80% मतदान हुआ।
खुद गाड़ी चलाकर पोलिंग बूथ पहुंचे पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल
राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल खुद गाड़ी चलाकर बादल गांव में मतदान केंद्र पहुंचे हैं। उनके साथ उनके पिता व पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल और सांसद पत्नी हरसिमरत कौर बादल और बेटी भी मौजूद रहीं
CM चन्नी बोले- अकाली दल को डेरा सच्चा सौदा के समर्थन से जख्म हरे हुए
CM चरणजीत सिंह चन्नी ने वोटिंग के दौरान बेअदबी का मुद्दा उठा दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब चुनाव में सच्चा सौदा ने अकाली दल को समर्थन दिया है। इससे बेअदबी के जख्म फिर से हरे हो गए हैं। इसी तरह डेरे ने भगवंत मान को भी समर्थन दिया है। चन्नी ने कहा कि डेरे ने खुले तौर पर कुछ नहीं कहा, लेकिन अलग-अलग सीटों पर इसके बारे में संदेश भेजा गया है। पंजाब की सत्ता के लिए केजरीवाल ने खालिस्तानी संगठन का साथ लिया है। मैंने केंद्रीय गृह मंत्री को शिकायत दे दी थी, जिस पर उन्होंने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
बूथों पर कोरोना वायरस के कारण सोशल डिस्टेंसिंग के अरेंजमेंट
सभी बूथों पर कोरोना वायरस को ध्यान में रखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग के लिए अरेंजमेंट किए गए हैं। साथ ही मतदाताओं के शरीर का तापमान चेक करने, उनके हाथ सैनिटाइज कराने और उन्हें मास्क व ग्लव्स उपलब्ध कराने का काम भी किया गया है। सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पंजाब में 1304 उम्मीदवार मैदान में हैं।