बोलता गांव डेस्क।।
लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी कमर कस ली है। चुनाव की तैयारियों में जोर-शोर से लगी कांग्रेस ने हाल ही में क्राउडफंडिंग की शुरुआत की थी। अब पार्टी "भारत न्याय यात्रा" की तैयारी में है।
एआईसीसी 14 जनवरी से 20 मार्च तक मणिपुर से लेकर मुंबई तक भारत न्याय यात्रा आयोजित करने जा रही है। इस बात की जानकारी कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी।
वेणुगोपाल ने कहा,"पहली भारत जोड़ो यात्रा के शानदार अनुभव के साथ अब राहुल गांधी एक नई यात्रा करने जा रहे हैं। यह यात्रा युवाओं, महिलाओं और हाशिए पर रहने वाले लोगों के साथ बातचीत करेगी। 6,200 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह यात्रा मणिपुर, नागालैंड सहित असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, यूपी, एमपी, राजस्थान, गुजरात और अंत में महाराष्ट्र से हो कर गुजरेगी। यह यात्रा बस के द्वारा की जानी है।"
कांग्रेस की भारत न्याय यात्रा के बारे में बात करते हुए पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा,"इस यात्रा को 14 जनवरी को इम्फाल में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हरी झंडी दिखाएंगे। यह यात्रा पूर्व से पश्चिम की है, हम पहले ही दक्षिण और उत्तर की यात्रा कर चुके हैं।"