बोलता गांव डेस्क।।
मोदी और योगी ने उत्तर प्रदेश में वो कर दिखाया, जो 37 साल में कोई पार्टी नहीं कर सकी.. लगातार दूसरी बार सत्ता में भाजपा की वापसी। करीब ढाई सौ से ज्यादा सीटें जीत चुकी भाजपा बहुमत से काफी आगे निकल चुकी है। अगले कुछ घंटों में इसमें इजाफा ही होना है।
सपा सवा सौ में सिमट गई है। कांग्रेस और बसपा साफ ही हो गई हैं। पूरा यूपी नापने वाली प्रियंका गांधी की पुरजोर मेहनत के बावजूद खाली दो सीटें आईं। मायावती इससे भी आधे यानी एक सीट ही हासिल कर पाएंगी।
भाजपा की जीत ऐतिहासिक थी तो जश्न भी उसी अंदाज में मना। शाम करीब साढ़े पांच बजे योगी लखनऊ पार्टी दफ्तर पहुंचे। गुलाल उड़ाकर होली खेली और बोले, "जब मोदी जैसा नेतृत्व हो तो ऐसा ही बहुमत मिलता है।'
जीत और जश्न के बीच आंकड़ों ने एक कड़वी हकीकत भी बताई। भाजपा भले दूसरी बार जीती, लेकिन परफॉर्मेंस पिछली बार के मुकाबले गिर गई। 2017 में 312 सीटें मिलीं थी तो इस बार पार्टी 275 तक पहुंच पा रही है। सपा भले ही सत्ता में नहीं आई, लेकिन 75 से ज्यादा सीटों का फायदा उसे हो रहा है। भाजपा के डिप्टी सीएम केशव मौर्य और बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी जैसे धुरंधर भी हार गए।
उत्तर प्रदेश चुनाव रिजल्ट/ रुझान अपडेट्स...
पार्टी/ आगे/ जीते
भाजपा/ 01 /272
सपा/ 01/ 124
कांग्रेस/ 00 /02
बसपा /00 /01
अन्य /00 /02
उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक बहुमत के बाद योगी आदित्यनाथ भारी हुजूम के बीच लखनऊ दफ्तर पहुंचे। करीब पौने छह बजे वे मंच पर पहुंचे और साथी मंत्रियों-पदाधिकारियों के साथ गले मिले और जमकर गुलाल उड़ाया। विजयी भाषण भी दिया। बोले- जब मोदी जी जैसा नेतृत्व हो तो ऐसा ही प्रचंड बहुमत मिलता है। विजयी उल्लास से शुरू हुआ ये 30 मिनट का कार्यक्रम जय श्री राम के नारों के साथ खत्म हुआ।