बोलता गांव डेस्क।।
देश के सबसे छोटे राज्य गोवा की सांकेलिम सीट से CM प्रमोद सावंत लगातार तीसरी बार चुनाव जीत गए हैं। इसके बाद सावंत ने कहा कि BJP 20 से ज्यादा सीटें जीत रही है। हम महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (MGP) के साथ मिलकर सरकार बनाने जा रहे हैं। खबर ये भी है कि पार्टी आज ही राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेगी।
फिलहाल BJP के 5, कांग्रेस+ के 3 और अन्य के 2 उम्मीदवार जीत गए हैं। BJP 15 और कांग्रेस+ 9 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि MGP+, AAP और अन्य की 2-2 सीटों पर बढ़त है। पणजी सीट से BJP के अतानासियो मोनसेराटे 710 वोटों से जीते हैं। उन्होंने पूर्व CM मनोहर पर्रिकर के बेटे और निर्दलीय उम्मीदवार उत्पल को शिकस्त दी।
पिछली बार BJP ने कांग्रेस से 4 सीटें कम लाकर भी सरकार बना ली थी
गोवा में पिछली बार त्रिशंकु विधानसभा थी। कांग्रेस को 17 और भाजपा को 13 सीटें मिली थीं। लगभग तय था कि कांग्रेस निर्दलियों की मदद से सरकार बना लेगी, लेकिन भाजपा ने पहले दावा कर दिया और सत्ता हथियाने में कामयाब हो गई। इससे सबक लेते हुए इस बार कांग्रेस ने नतीजों से तीन दिन पहले होटल में अपने विधायकों की बाड़ेबंदी कर दी। पार्टी के सीनियर लीडर पी. चिदंबरम और डीके शिवकुमार यहां मौजदू हैं।
इस बार 301 उम्मीदवारों ने यहां चुनाव लड़ा। इनमें BJP के 40, कांग्रेस के 37, AAP के 39, TMC के 26, MGP के 13 और निर्दलीय 68 कैंडिडेट्स हैं। 11.56 लाख वोटर्स ने इनकी हार-जीत का फैसला EVM में दर्ज किया है।
भाजपा के लिए हैट्रिक का मौका
लगातार दो बार से गोवा की सत्ता BJP के हाथों में हैं। पिछली बार तो कांग्रेस 17 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी थी, लेकिन 13 सीटें हासिल करने वाली BJP ने कुछ निर्दलीय विधायकों और क्षेत्रीय दलों से गठबंधन करके सरकार बना ली थी। इस बार कांग्रेस ने गोवा फॉरवर्ड पार्टी (GFP) के साथ, TMC ने महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (MGP) के साथ और NCP ने शिवसेना के साथ चुनाव लड़ा है।
BJP अब तक 4 बार सरकार बना चुकी
गोवा में BJP ने 1999 में पहली बार सरकार बनाई थी, तब मनोहर पर्रिकर CM बने थे। फिर वह 2002, 2012 और 2017 में सत्ता में आई। कांग्रेस यहां सबसे ज्यादा करीब 25 साल सत्ता में रही है। भाजपा 13 साल से अधिक सरकार चलाकर दूसरे नंबर पर है।
पिता BJP को सत्ता में लाए, बेटे ने बढ़ाई पार्टी की मुश्किल
पणजी सीट से BJP के दिवंगत नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर मैदान में हैं। बीजेपी ने टिकट नहीं दिया तो वे निर्दलीय ही मैदान में उतर गए। उनके सामने BJP के अतानासियो मोनसेराटे और कांग्रेस के एल्विस गोम्स हैं। उत्पल की वजह से ही अब यह मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।